शनिवार, 23 अप्रैल 2016

सबसे छोटी रामायण!


दोस्तो, आपने कहानी और उपन्यास तो ख़ूब पढ़े होंगे। लघुकथाएं भी ख़ूब लिखी-पढ़ी गई हैं। लेकिन लघुकथा में भी अतिलघु कथा यानी एक-दो लाइन की कहानी आपने पढ़ी है! और यह नन्ही कहानी भी ऐसी जिसमें कहानी के सभी तत्व हों। यानी जो एक कहानी होने की सभी शर्तें पूरी करती हो।
वरिष्ठ साथी और हिन्दी के प्रख्यात आलोचक आशुतोष कुमार ने पिछले दिनों एक सबसे छोटी कहानी सुनाई-

भूतों की कहानियां पढ़ रहे सहयात्री से मैंने पूछा -क्या आप भूत -प्रेत मानते हैं ? उस ने मुस्कुराते हुए कहा -नहीं. और गायब हो गया.

आशुतोष जी के अनुसार- कहते हैं यह दुनिया की सब से छोटी कहानी है . इस में कहानी के सभी तत्व मौजूद हैं. कथानक , चरित्र, कौतूहल , वर्णन , संवाद, चरमोत्कर्ष. क्या यह एक सफल मुकम्मल कहानी है ?
उन्होंने यह कहानी सुनाई तो हमें भी एक छोटी कहानी याद आई जो हमें बेहद शानदार और धारदार लगती है। लेखक का नाम मालूम नहीं है। कहानी कुछ यूं है-

एक आदमी राजा बना। आदमी तो मर गया। राजा राज करता रहा।

इसी तरह कुछ और छोटी कहानियां याद आईं। फिर याद आई सबसे छोटी रामायण, जो हमें मां बचपन में सुनाया करती थी और हम आज भी उसे अपने बच्चों के सामने यूं ही दोहरा लिया करते हैं- सुनिए यह सबसे छोटी लोक रामायण-

एक छत्री एक बामन्ना
वा ने वा की नार चुराई
वा ने वा पर करी चढ़ाई
ये है एक रामन्ना
ये है एक पोथन्ना


{छत्री- क्षत्रीय (रामजी)। बामन्ना- ब्राह्मण (रावण)। नार- स्त्री (सीताजी)। रामन्ना- रामायण। पोथन्ना- ग्रंथ}

-मुकुल सरल

गुरुवार, 21 अप्रैल 2016

धरती को बचाना है



बच्चों की तरफ़ से यह कविता जुलाई 2015 में एक मित्र के आग्रह पर उनके बेटे के लिए स्कूल में सुनाने के लिए लिखी थी। आज Earth Day-2016 (पृथ्वी दिवस) के मौके पर अचानक याद आ गई। याद इसलिए भी आई कि आज देश के कई राज्यों में सूखे के हालात हैं और पानी की बर्बादी रोकने के लिए सामाजिक संगठनों से लेकर कोर्ट तक सक्रिय है। लेकिन सरकारें लापरवाह दिख रही हैं। पेड़ों को बचाना, पानी को बचाना दरअस्ल अपनी धरती को बचाना है। तो आइए इस मुहिम में हम भी जुड़ें।– मुकुल सरल




धरती को बचाना है

बादल क्यों बरसे हैं कम-कम
धरती को क्या दुख है, क्या ग़म
हरियाली क्यों सूख रही है
कब समझेंगे हम-तुम, तुम-हम

मम्मी आओ, पापा आओ
पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ
पेड़ों से है अपना जीवन
हाथ जोड़कर कहते हैं हम

बादल क्यों बरसें हैं कम-कम
धरती को क्या दुख है, क्या ग़म...

मुकुल सरल

शनिवार, 2 अप्रैल 2016

बचपन की बातें



आज बचपन की कुछ बातें करते हैं 

मेरी याददाश्त खराब है . जिया हुआ नब्बे फीसद भूल गया हूँ .आने वाली नब्बे फीसद घटनाएं याद हैं,
लेकिन बचपन की कुछ यादें अमिट हैं . 
मैं जब बच्चा था , यानी दस-एक साल की उमर तक , तब मैं सबसे ज़्यादा यही सोचता था कि जब मैं बड़ा हो जाऊंगा तो मैं एक ऐसा समाज बनाऊँगा , जो बच्चों के लिए होगा . 
मुझे लगता था कि ये कैसा समाज है , जिसमें बच्चों की कोई कदर ही नहीं है . मतलब बच्चों की भावनाओं को समझने की जरूरत तक नहीं समझी जाती . बड़े बिना बच्चों से पूछे ही तय कर लेते हैं कि बच्चे क्या चाहते हैं. वे अपनी इच्छाओं, कुंठाओं और सनकों को मासूम बच्चों पर थोपते हिचकते तक नहीं है . 
यह तानाशाही , यह दमन , यह अंधायुग नहीं चलेगा . दुनिया बच्चों की , बच्चों के लिए और बच्चों के द्वारा होनी चाहिए . और बच्चे तो बच्चे होते हैं . वे जब दुनिया बनाएंगे तो इंसाफ करेंगे . उसमें बड़ों के लिए भी बड़ी जगह होगी .
मैंने ढेर सारी योजनाएं बनाई थीं कि इस सपने को कैसे अंजाम दिया जाएगा . लेकिन अफ़सोस , जैसे जैसे बड़ा होता गया, उन सब को बारीबारी भूलता चला गया , बच्चों के दमन-उत्पीड़न में भी औरों की तरह ही शरीक होता चला गया .
मैं भले ही भूल गया , लेकिन मेरे बचपन के देखे कुछ सपने , बिना मेरी किसी कोशिश के सच हो गए .
चौहत्तर -पचहत्तर का समय था , जब हमारे घर में पहली बार रेडियो आया . हमारे जीवन का आठवां सावन होगा . बीबीसी सुनने का दौरथा . आपातकाल के ज़माने में बीबीसी सुनने के रोमांच को उस दौर के लोग कभी भूल नहीं पाएँगे . 
मैं दिनरात रेडियो सुनता , और दुनिया जहान के स्टेशन खोजता . जर्मनी , इटली , जापान , नेपाल , अमरीका तक की सैर करता . और सोचता , काश एक ऐसा रेडियो होता , जिसमें चलती -फिरती तस्वीरें भी देखी जा सकतीं . 
उस समय तक टीवी की खोज तो हो चुकी थी, लेकिन वह हमारी जानकारी का क्या , कल्पना तक का हिस्सा नहीं था. खैर , चार एक साल बाद जब पहली बार वह श्वेत श्याम टीवी दिखा , मैं सोचता ही रह गया कि यार लोगों को मेरे उस सपने के बारे में कैसे पता चला!
लेकिन सपनों की कोई सीमा थोड़े ही थी.
एक यह कि कलाई पर बाँधने के लिए एक ऐसी घड़ी हो , जिसमें समय ही नहीं , दुनिया का सारा इतिहास-भूगोल देखा जा सके . असल में , बालमन में सवालों का कोई अंत तो होता नहीं . सौभाग्य से , मेरे मातापिता मेरे सवालों पर नाराज़ न होते , लेकिन हर सवाल का जवाब तो उनके पास नहीं होता . उनके क्या , चाचाओं , दादाओं, पड़ोसियों , गुरुजनों के पास भी नहीं होता . कितना मज़ा आता , अगर कलाई पर बंधी घड़ी में झाँक कर हर सवाल का जवाब पाया जा सकता . 
अब सुना है , ऐसी घड़ी भी बन गई है . उसे सेब-घड़ी कहते हैं . मैंने देखी नहीं है . आपने देखी हो तो बताइयेगा .
आहा, हा . मगर मेरा मनपसंद बचपना तो कुछ और ही था.
वह यह था . तकिए में सर गड़ा कर पेट के बल लेट जाना . और फिर यह सोचना कि लेटा नहीं हूँ , किसी उड़नखटोले पर सवार हूँ . जी , बाकायदा एक छह गुने आठ का ललछौंह उड़नखटोला . वह ठीक मेरे बिस्तर से उठता . घर की छत से निकलता.मुहल्ले से गुजरता . शहर की अनदेखी जगहें पार करता . औरउसके बाद ....
ओह , क्या बताऊँ , कहाँ कहाँ उड़ता चला जाता. उसके साथ मैं भी , सिंदबाद की तरह . 
अब सुनते हैं , एक ऐसा चश्मा बन गया है . आभासी यथार्थ दिखाने वाला चश्मा . मगर वह उड़नखटोला अब भी नहीं बना. 
लेकिन सुनते हैं , लोग लगे हुए हैं, ठीक ऐसा एक उड़नखटोला बनाने में .
जो भी हो , बचपन के ये सपने खो नहीं जाने चाहिए . 

आशुतोष कुमार
समालोचक और संस्कृतिकर्मी
प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय